Advertisement

भाजपा नेता विजय सिंह की हत्या मामले की हो रही लीपापोती : सांसद

चंपारण की खबर::
-भाजपा नेता विजय सिंह की हत्या मामले की हो रही लीपापोती : सांसद
– राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा, उच्च न्यायालय की टीम या सीबीआई से जांच की मांग

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

भाजपा के बिहार विधान सभा मार्च के शांतिपूर्ण जुलूस पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज के खिलाफ आज दूसरे दिन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी रहा। इस दौरान आज शहर के चरखा पार्क के समक्ष भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना के नेतृत्व में धरना आंदोलन का आयोजन किया गया। वहीं धरना के बाद भाजपा आंदोलन कारियों का शिष्टमंडल राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के प्रतिनिधि डीडीसी को ज्ञापन सौंपकर उच्च न्यायालय के टीम या सीबीआई से मामले की जांच करने की मांग की गई।

धरना कार्यक्रम में मौजूद मोतिहारी सांसद राधामोहन सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा बिहार विधान सभा मार्च के दौरान शांतिपूर्ण जुलूस पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई। जिसमें भाजपा के जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मृत्यु भी हो गई। गांधी मैदान से निकले बिहार विधान सभा मार्च जुलूस में भाजपा के सांसद, विधायक, विधान पार्षद, सहित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी शामिल थे। ये सभी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मार्च कर रहे थे। डाक बंगला चौराहा पहुंचने से पहले पुलिस ने एकाएक शांतिपूर्ण जुलूस पर लाठी बरसाना शुरू कर दिया। इसके फलस्वरूप सैकड़ों कार्यकर्ताओं, माननीय सांसदों एवं विधायकों को गंभीर चोट आई और वे पटना के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती है। इसी क्रम में जहानाबाद जिला के महामंत्री विजय कुमार सिंह की मृत्यु भी हो गई। कई कार्यकर्ताओं की हालत अभी भी गंभीर है। उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसे प्रतिभावान युवा हैं कि जिस भी राज्य में जाएं वहां आधे से अधिक अफसर, इंजिनियर डाक्टर बिहार के ही मिलेंगे। वैसे में बिहार सरकार डोमेसाइल नीति कर बिस्तर के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों पर दमनात्मक तरीके से पेश आ रही है। इसके पूर्व श्री सिंह जहानाबाद भाजपा के जिला महामंत्री शहीद विजय कुमार सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। वहीं ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, उप महापौर डॉ लाल बाबू प्रसाद, महामंत्री मार्तण्ड नारायण सिंह सहित अन्य शामिल थे। राज्यपाल के नाम मांग पत्र में बताया है कि भाजपा ने चार्जशीटेड उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का इस्तीफा, सरकार के द्वारा 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा और शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने हेतु कई दिन पूर्व विधान सभा मार्च का निर्णय लिया था। इसी क्रम में 13 जुलाई को जुलूस निकाला गया था। सरकार ने शांतिपूर्ण जुलूस पर बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज कराकर लोकतंत्र की हत्या की है और संविधान का अपमान किया है । सूबे में हत्या लूट, अपहरण की घटनायें रोज हो रही है। सरकार के संरक्षण में शराबबंदी के बावजूद शराब खुलेआम बेचा जा रहा है। अवैध बालू का खनन कर सात्तपक्ष अपना चुनावी धन इकटठा कर रहा है। सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार से आम जन परेशान है। हमारी मांग है कि इस कांड की जांच पटना उच्च न्यायालय के सीटिंग जज या सी०बी०आई० द्वारा करवाने का आदेश दिया जाय।