Advertisement

भाजपा को लेकर सीएम नीतीश ने कही बड़ी बात

-भाजपा को लेकर सीएम नीतीश ने कही बड़ी बात

सम्वाददाता।पटना।

बिहार में बीजेपी और जेडीयू दोनों दल एक दूसरे की दुखती रग पर हाथ डालने से नहीं चुक रहे. जेडीयू जहां 2015 विधानसभा का चुनाव याद दिलाती है,जब भाजपा की करारी हार हुई थी. वहीं, भाजपा 2020 का चुनाव, जब जेडीयू तीसरे दर्जे की पार्टी बन गई. इतना ही नहीं भाजपा नीतीश कुमार को लोकसभा चुनाव 2014 की याद दिलाकर जख्म को हरा कर देती है. बीजेपी ने एक बार फिर से कहा है कि नीतीश कुमार जरा 2014 का चुनाव याद कर लें, जब उन्हें लोकसभा की केवल 2 सीटें मिली थी. आज जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 2014 का चुनावी रिजल्ट याद कराया गया तो उनका जख्म फिर से हरा हो गया. इसके बाद उन्होंने अपने पूर्व सहयोगी भाजपा को 2009 लोस चुनाव का परिणाम याद करा दिया.


पटना में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जायेगा. जब उनसे पूछा गया कि भाजपा 2014 लोकसभा चुनाव की याद दिला रही है. भाजपा कह रही है कि 2014 में नीतीश कुमार को केवल 2 सीटें मिली थी. क्या वह भूल गए हैं ? यह सवाल सुनते ही सीएम नीतीश थोड़े असहज हुए. फिर संभलते हुए तल्ख तेवर में कहा..अब आप वही ना सोच रहे हैं, तो वह भूल गए 2009 का चुनाव. जब हम और वह साथ लड़े थे. तब 2009 में हमको मिला था 20 सीट. बीजेपी को हम साथ लड़ाए थे. हम लड़े थे 25 सीट पर और उसको लड़ाये थे 15 सीट पर. हम जीते 20 जगह पर और वह जीते थे 12 पर. अब यह सब चीज भूल रहे हैं वे लोग, हर चीज को वे लोग भूल रहे हैं. समझ गए ना….।
बता दें, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ी थी. लेकिन चुनाव में नीतीश कुमार को करारी हार का सामना करना पड़ा था. जेडीयू को महज दो जगह पूर्णिया और नालंदा सीट पर ही जीत मिली थी. अधिकांश जगहों पर पार्टी प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई थी. बिहार में भाजपा की बड़ी जीत हुई थी. तब नीतीश कुमार ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री बना दिया था.