Advertisement

बैरिया बस स्टैंड में खड़ी बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं कई गाड़ियां

-बैरिया बस स्टैंड में खड़ी बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं कई गाड़ियां

मुजफ्फरपुर। बैरिया बस स्टैंड में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण एक खड़ी बस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस से आग की तेज लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुबार पूरे बस स्टैंड परिसर में फैल गया। आग का विकराल रूप देखकर वहां मौजूद यात्रियों और लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि आसपास खड़ी अन्य बसों और वाहनों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों ने तत्परता दिखाई। जेसीबी की मदद से मौके पर बालू मंगवाकर जलती बस पर डाला गया, जिससे आग की तीव्रता को कुछ हद तक कम करने में मदद मिली। लोगों के इस प्रयास से आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग से हुए आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। आग पूरी तरह बुझने के बाद क्षतिग्रस्त बस और अन्य संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जाएगा। घटना के बाद बैरिया बस स्टैंड में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं।