Advertisement

बेनीबाद थाने में नए थाना प्रभारी ने संभाली कमान, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

-बेनीबाद थाने में नए थाना प्रभारी ने संभाली कमान, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

गायघाट, दीपक कुमार। बेनीबाद थाना के नए थाना प्रभारी राजकुमार गौतम ने पदभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

थाना प्रभारी राजकुमार गौतम ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम जनता के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने संदिग्ध और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे समय रहते खुद में सुधार कर लें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है और पीड़ित व्यक्ति बेझिझक होकर अपनी समस्या उनके सामने रख सकते हैं। समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी प्राथमिकता होगी।

चार्ज संभालने के बाद थाना प्रभारी ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर उनका परिचय प्राप्त किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पुलिस की धूमिल हो रही छवि को सुधारने के लिए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

थाना प्रभारी ने सभी कर्मियों से आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार रखने और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने की अपील की।