-बुलडोजर राज और महंगाई के खिलाफ आंदोलन होगा तेज : माले
मुजफ्फरपुर, 1 जून 2026। भाकपा-माले की जिला कमेटी की बैठक में बढ़ती महंगाई, अपराध और कथित बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ शहर से गांव तक आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन को सभी स्तरों पर मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा जनसरोकारों के मुद्दों पर व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
कन्हौली पुलिस लाइन के निकट स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला नेतृत्व ने की। बैठक में जिला सचिव जितेन्द्र यादव, पूर्व जिला सचिव कृष्णमोहन, मजदूर सभा के राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी, ऐपवा की जिला सचिव रानी प्रसाद सहित विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में राज्य और जिले में बढ़ते अपराध, छिनतई, लूट तथा हत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके लिए सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया गया। नेताओं ने कहा कि आम जनता सुरक्षा, रोजगार और महंगाई जैसी समस्याओं से जूझ रही है, जिसके खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

बैठक में 11 सदस्यीय जिला स्थायी समिति तथा 5 सदस्यीय जिला सांगठनिक सेल का गठन किया गया। इसके अलावा मुजफ्फरपुर महानगर स्तर पर 11 सदस्यीय पार्टी लीडिंग टीम का भी गठन किया गया, जो शहर में संगठन विस्तार और जन मुद्दों पर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।
पार्टी ने अपनी विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के व्यापक प्रसार, नए पाठक-ग्राहक बनाने और वैचारिक अभियान को मजबूत करने की भी योजना बनाई। बैठक में राष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई और विभिन्न राज्यों में विपक्षी दलों के नेताओं व कार्यालयों पर हमलों की निंदा की गई।
भाकपा-माले नेताओं ने कहा कि छात्र-नौजवानों, मजदूरों और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलनों को समर्थन दिया जाएगा तथा जनहित के सवालों पर पार्टी का अभियान लगातार जारी रहेगा।












