Advertisement

बिहार विद्या साथी ऐप से बच्चों की पढ़ाई होगी आसान, 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षक रहेंगे उपलब्ध : मुख्यमंत्री

-बिहार विद्या साथी ऐप से बच्चों की पढ़ाई होगी आसान, 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षक रहेंगे उपलब्ध : मुख्यमंत्री

पटना, 24 अगस्त 2026। (दीपक कुमार तिवारी) । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7 वन-टू-वन इंटरैक्टिव शिक्षा प्लेटफार्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल के जरिए विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान कभी भी और कहीं से भी मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में ‘बिहार विद्या साथी’ महत्वपूर्ण पहल है। राज्य के सभी 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे, सातों दिन निःशुल्क लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर वन-टू-वन संवाद के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे।

कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों में लाइव ट्यूटर सपोर्ट मिलेगा, जबकि कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बिहार बोर्ड के साथ JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। पढ़ाई के दौरान पाठ से जुड़ी किसी भी समस्या का त्वरित समाधान भी निःशुल्क उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक AI टूल्स के माध्यम से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाया जाएगा। विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 700 विद्यालयों से शुरू की गई यह व्यवस्था आगे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस डिजिटल प्लेटफार्म का भरपूर लाभ उठाएं, अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करें और ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी जहां भी और जब भी पढ़ें, उनके सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उनके साथ उपलब्ध रहे।

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का डेमो प्रस्तुत किया और इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।