-बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित होंगी, HUDCO देगा 1 लाख करोड़ रुपये का दीर्घकालिक वित्तपोषण
पटना, 3 जुलाई 2026।दीपक तिवारी।
बिहार के शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री के समक्ष समझौता पत्र का आदान-प्रदान किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार के शहरी विकास के इतिहास का ऐतिहासिक और मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विश्वस्तरीय सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जहां बेहतर आवास, आधुनिक नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। किसानों को लैंड पुलिंग के माध्यम से इस परियोजना में भागीदार बनाया जाएगा और मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि HUDCO के माध्यम से राज्य सरकार 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जबकि इसके अतिरिक्त 6 लाख करोड़ रुपये का निवेश निजी और अन्य स्रोतों से आने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बिहार में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। इन टाउनशिप में आधुनिक सड़कें, पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक एवं सामाजिक आधारभूत संरचना जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य 35 प्रतिशत शहरीकरण हासिल करना है और यह परियोजना उस दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, HUDCO के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ, नगर विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












