Advertisement

बिहार में हेली टूरिज्म की शुरुआत, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

-बिहार में हेली टूरिज्म की शुरुआत, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

पटना। बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सोमवार को मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में योजना का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह पहल बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को भी नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 जुलाई 2026 से हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि 18 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार को नियमित उड़ानें संचालित होंगी। पहले चरण में पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए सब्सिडी युक्त हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होगी। सरकार प्रत्येक टिकट पर अधिकतम 15,422 रुपये तक का अनुदान दे रही है, जिससे आम लोग भी किफायती दरों पर हवाई पर्यटन का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, नालंदा विश्वविद्यालय और प्राचीन मगध की गौरवशाली विरासत का केंद्र है। राज्य सरकार का लक्ष्य इन ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाना और अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना है।


उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है। सरकार होम स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर गांव-गांव तक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था विकसित कर रही है। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से राज्य के ब्रांड एंबेसडर बनने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने व्यवहार, आतिथ्य और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सकारात्मक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए पीपीपी मॉडल को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पटना में दो बड़े होटलों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि जेपी गंगा पथ से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे की योजना पर भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की ग्रामीण सड़कें, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं राज्य को पर्यटन के लिए और अधिक आकर्षक बना रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार पर्यटन नीति-2023 के तहत हितधारकों को डमी चेक तथा मुख्यमंत्री होम स्टे प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।