Advertisement

बिहार में गंगा एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज, बक्सर से सुल्तानगंज तक दौड़ेंगे वाहन; एयरस्ट्रिप की भी होगी सुविधा

-बिहार में गंगा एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज, बक्सर से सुल्तानगंज तक दौड़ेंगे वाहन; एयरस्ट्रिप की भी होगी सुविधा

पटना। बिहार में सड़क अवसंरचना को नई ऊंचाई देने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से मंथन चल रहा है। उत्तर प्रदेश के चर्चित गंगा एक्सप्रेसवे की तर्ज पर राज्य में भी आधुनिक गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। यह परियोजना न केवल बिहार के सड़क नेटवर्क को मजबूत करेगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे बक्सर से शुरू होकर भागलपुर जिले के सुल्तानगंज तक जाएगा। करीब 260 किलोमीटर लंबे इस फोर लेन एक्सप्रेसवे का निर्माण गंगा नदी के किनारे-किनारे किया जाएगा। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे इस तरह विकसित करने की योजना है कि बाद में इसे छह लेन और आठ लेन तक विस्तारित किया जा सके।

परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका सामरिक महत्व माना जा रहा है। योजना के अनुसार एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को एयरस्ट्रिप मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विशेष अवसरों पर भारतीय वायुसेना इसका उपयोग रनवे के रूप में कर सके। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत राफेल, सुखोई समेत अन्य लड़ाकू विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगी। हालांकि एयरस्ट्रिप के लिए अंतिम स्थान का चयन अभी किया जाना बाकी है।

पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव के अनुसार यह एक्सप्रेसवे बक्सर, आरा, कोईलवर, दीघा, दीदारगंज, फतुहा, मुंगेर और सुल्तानगंज को सीधे जोड़ेगा। इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग पर आधुनिक विश्राम स्थल, फूड प्लाजा और पर्यटन केंद्र विकसित करने की भी योजना है।

इस परियोजना के साकार होने से बक्सर, पटना, मुंगेर और भागलपुर सहित कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच यात्रा के दौरान लगने वाले लंबे जाम और समय की बर्बादी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर भागलपुर क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में यह एक्सप्रेसवे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

गौरतलब है कि देश में यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहले ही लड़ाकू विमानों की सफल लैंडिंग और टेकऑफ का प्रदर्शन किया जा चुका है। ऐसे में बिहार का प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे भी आधुनिक बुनियादी ढांचे और राष्ट्रीय सुरक्षा के मजबूत संगम के रूप में उभर सकता है। यदि यह महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर उतरती है, तो बिहार देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो जाएगा जहां तेज परिवहन व्यवस्था और सामरिक क्षमता का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।