Advertisement

बिहार में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा, रिवैम्प्ड सिंगल विंडो पोर्टल लॉन्च

-बिहार में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा, रिवैम्प्ड सिंगल विंडो पोर्टल लॉन्च

पटना। बिहार में निवेशकों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और मजबूत करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग ने रिवैम्प्ड सिंगल विंडो क्लीयरेंस पोर्टल लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में तैयार पोर्टल को उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने लॉन्च किया। अब नौ विभागों की 62 सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।

पोर्टल के माध्यम से निवेशक अपने प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक स्वीकृतियों की पहचान करने, लाइसेंस के लिए आवेदन करने, पहले से प्राप्त लाइसेंस अपलोड करने और आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। इससे अलग-अलग विभागीय पोर्टल पर जाने की आवश्यकता कम होगी।

रिवैम्प्ड ‘Know Your Approval’ (KYA) मॉड्यूल के जरिए निवेशक प्रोजेक्ट के चरण के अनुसार प्री-एस्टेब्लिशमेंट या प्री-ऑपरेशन के लिए जरूरी स्वीकृतियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। संबंधित स्वीकृतियां सीधे आवेदन सुविधा से जुड़ी होंगी।

पोर्टल पर प्रदूषण नियंत्रण, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन, विधिक माप विज्ञान, जल संसाधन, अग्निशमन, ऊर्जा, पर्यावरण एवं वन, पथ निर्माण तथा राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित सेवाएं एकीकृत की गई हैं।

इसके अलावा ‘Register Your Intent’, ‘Strategic Partnership’ और ‘Investor Facilitation’ जैसी सुविधाओं के माध्यम से निवेशक औपचारिक आवेदन से पहले संबंधित अधिकारियों से संपर्क, अपॉइंटमेंट बुकिंग और जरूरी संपर्क विवरण प्राप्त कर सकेंगे। विभाग के अनुसार, इससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और निवेशकों के लिए डिजिटल प्रक्रिया अधिक सरल होगी।