Advertisement

बिहार में आंधी-बारिश का असर जारी, गया में 92 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा

-बिहार में आंधी-बारिश का असर जारी, गया में 92 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा

पटना।भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन तेज हवाओं और बारिश का असर लगातार बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस भभुआ में दर्ज किया गया। वहीं पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री से 40.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दूसरी ओर सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस गया में रिकॉर्ड किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 20.8 से 27.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि गया जिले में सबसे तेज हवा चली, जिसकी रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो शंभूगंज में 54.2 मिमी, संग्रामपुर में 42.2 मिमी, सोनो और तारापुर में 40.4 मिमी, नवकोठी में 38.8 मिमी तथा जमालपुर में 36.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।