-बिहार पेंशन दिवस की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने 97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में भेजे 1,423.94 करोड़ रुपये
पटना।दीपक कुमार तिवारी। बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रत्येक माह की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।
यह राशि तीनों राज्य पेंशन योजनाओं के जून 2026 तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) की तीनों पेंशन योजनाओं के मई और जून 2026 की पेंशन के रूप में लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी जुड़े।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हर महीने की 10 तारीख को सभी पात्र पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन की राशि भेजी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेंशन वितरण पूरी तरह समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित न रहे। इसके लिए सहयोग शिविर और पंचायत विकास दिवस के दौरान विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जिन लाभार्थियों का आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनका आधार भी जल्द लिंक कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और वंचित वर्गों की सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।












