–बिहार दिवस पर राजापाकर में वृक्षारोपण अभियान, जनप्रतिनिधियों ने दिया हरियाली का संदेश
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव। बिहार दिवस के अवसर पर राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जल-जीवन-हरियाली योजना के ब्रांड एंबेसडर महेंद्र राय एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल पर यह अभियान चलाया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर मुखिया सरिता पटेल, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल, महेंद्र राय, शिवनाथ सिंह एवं दीपक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस दौरान आम, अमरूद, कटहल जैसे फलदार वृक्षों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को वृक्षों के महत्व और उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल ने कहा कि सरकार मनरेगा के माध्यम से भी वृक्षारोपण को बढ़ावा दे रही है। इच्छुक लोग मनरेगा विभाग से संपर्क कर अपनी निजी जमीन पर भी पौधे लगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण से जहां पर्यावरण संतुलित रहता है, वहीं यह आर्थिक रूप से भी लाभकारी साबित होता है।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।












