Advertisement

बिहार को मिला नया नेतृत्व: सम्राट चौधरी ने संभाली कमान, विकास को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

-बिहार को मिला नया नेतृत्व: सम्राट चौधरी ने संभाली कमान, विकास को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

पटना। लंबे इंतजार के बाद सम्राट चौधरी ने भाजपा की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सत्ता की कमान संभाल ली है। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वे भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री बनने के साथ ही सम्राट चौधरी ने स्पष्ट संकेत दे दिए कि उनकी सरकार विकास के एजेंडे पर तेज़ी से काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गति रुकने नहीं दी जाएगी, बल्कि “डबल इंजन” की सरकार अब और अधिक रफ्तार से आगे बढ़ेगी।


सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार का विकास मॉडल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के अनुभव और नीतियों के संगम पर आधारित होगा। उन्होंने दोहराया कि पिछले दो दशकों में राज्य ने जिस सुशासन और स्थिरता के साथ प्रगति की है, उसी दिशा को और मजबूत किया जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका यह बयान गठबंधन सहयोगियों के बीच तालमेल बनाए रखने और स्थिर सरकार का संदेश देने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण है। सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार के लिए विकास सर्वोपरि होगा और हर निर्णय उसी दिशा में लिया जाएगा।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने अमित शाह सहित शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका हर कदम बिहार की समृद्धि और विकास के लिए समर्पित रहेगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि NDA के सामूहिक प्रयास और मार्गदर्शन में एक सशक्त और विकसित बिहार का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने नीतीश कुमार के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा कि नई सरकार अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलित मिश्रण होगी, जो “विकसित बिहार” के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।