Advertisement

बिहार के प्रशांत तिवारी एशियन गेम्स में निभाएंगे तकनीकी अधिकारी की जिम्मेदारी, कुराश प्रतियोगिता में रेफरी नियुक्त

-बिहार के प्रशांत तिवारी एशियन गेम्स में निभाएंगे तकनीकी अधिकारी की जिम्मेदारी, कुराश प्रतियोगिता में रेफरी नियुक्त

मुजफ्फरपुर। एमेच्योर कुराश एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव और इंटरनेशनल थ्री स्टार कुराश रेफरी प्रशांत तिवारी को जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स की कुराश प्रतियोगिता के लिए निर्णायक नियुक्त किया गया है। यह बिहार के लिए गौरव की उपलब्धि है। उन्हें एशियन गेम्स में तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कुराश संघ के तकनीकी निदेशक रवि कपूर की अनुशंसा पर ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की ओर से प्रशांत तिवारी की नियुक्ति की गई है। वे बिहार के पहले कुराश रेफरी हैं, जिन्हें एशिया के प्रमुख खेल आयोजनों में शामिल एशियन गेम्स में कुराश के तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी मिली है।


एशियन गेम्स में भारतीय दल की कुराश स्पर्धा में लगातार तीसरी बार सहभागिता होगी। इस बार भारत की ओर से तीन पुरुष और तीन महिला खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इससे पहले वर्ष 2018 के एशियन गेम्स में भारत के दो कुराश खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
प्रशांत तिवारी की नियुक्ति से बिहार के कुराश खेल से जुड़े खिलाड़ियों और खेल पदाधिकारियों में उत्साह है। प्रदेश संघ के अध्यक्ष अजय निषाद, कोषाध्यक्ष प्रणव भूषण, संयुक्त सचिव सौरभ, अतुल स्वरूप, रितिक पटेल, मुकेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है। खेल पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशांत तिवारी की जिम्मेदारी से बिहार में कुराश खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा।