-बाल श्रम उन्मूलन अभियान में बड़ी कार्रवाई, किराना दुकान से 13 वर्षीय बाल श्रमिक मुक्त
राजापाकर/वैशाली, संवाददाता। संजय। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की टीम ने बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत बराटी थाना क्षेत्र के बिदुपुर बाजार स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर 13 वर्षीय बाल श्रमिक को मुक्त कराया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध बराटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बिदुपुर द्वारा बराटी थाना अध्यक्ष को दिए गए आवेदन के अनुसार जिला स्तरीय बाल श्रम उन्मूलन टास्क फोर्स द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान राधा रमण चौक स्थित मेसर्स भूषण किराना स्टोर में छापेमारी की गई। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में एक 13 वर्षीय बालक से काम कराए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे तत्काल मुक्त कराया गया।

अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बिदुपुर, राजापाकर, वैशाली एवं गोरौल के अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी शामिल था। मुक्त कराए गए बाल श्रमिक को आवश्यक कानूनी एवं पुनर्वास संबंधी कार्रवाई के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) वैशाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रतिष्ठान में रोजगार देना बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 तथा संशोधित अधिनियम, 2016 के तहत दंडनीय अपराध है।
इसी आधार पर बिदुपुर स्टेशन निवासी एवं मेसर्स भूषण किराना स्टोर के संचालक भूषण साह के विरुद्ध बराटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई में जुटी है।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में बाल श्रम के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












