-बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर तिरहुत आयुक्त ने किया तटबंध का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
मुजफ्फरपुर। मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए तटबंधों की सुरक्षा एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड अंतर्गत गंडक नदी के बायां तटबंध (तिरहुत तटबंध) के बलहा-बसंता स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य तटबंध सुरक्षा, कटाव निरोधी कार्यों और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तिरहुत तटबंध के संवेदनशील हिस्सों का जायजा लिया, जहां गंडक नदी तटबंध के समीप बह रही है। उन्होंने पूर्व में कराए गए कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। समीक्षा में पाया गया कि विभाग द्वारा कराए गए सुरक्षा कार्य प्रभावी ढंग से कार्य कर रहे हैं और तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।
आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधी कार्यों की आवश्यकता का आकलन कर जल्द प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा, ताकि स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए यह क्षेत्र काफी संवेदनशील है। पूर्व में भी यहां कटाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों की कृषि भूमि और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विभाग कई स्थानों पर कटाव निरोधी कार्य करा रहा है तथा कुछ कार्य प्रगति पर हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अतिरिक्त सुरक्षा कार्य कराने की मांग रखी है।
आयुक्त ने संबंधित विभागों को बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री, तटबंध निगरानी, आपदा प्रबंधन संसाधन एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी लालगंज, संबंधित अंचलाधिकारी, विभागीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












