-बरांटी में शराब तस्करों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
राजापाकर। बरांटी थाना क्षेत्र के उत्तरी बरांटी गांव निवासी बिक्की कुमार, पिता शिवजी राय, को शराब तस्करों ने गोली मार दी। घटना बुधवार देर सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, बिक्की कुमार का कुछ दिनों पूर्व शराब तस्करों से विवाद हुआ था। बुधवार को भी मुशहरी पुराना रेलवे ढाला नंबर 45 के पास उनकी कहासुनी हुई। बिक्की ने तस्करों को टोका कि वे ट्रेन से शराब उतारकर गाँव की बदनामी करते हैं। इसी बात पर बहस बढ़ गई और तस्कर वहाँ से चले गए। कुछ देर बाद वे 5-10 की संख्या में लौटे और बिक्की को खोजकर मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक तस्कर ने मौका पाकर उनके पैर में गोली मार दी और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग निकले थे। घायल बिक्की कुमार को परिजनों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल हाजीपुर पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर बरांटी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की पहचान स्पष्ट रूप से नहीं हो पाई है और सभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।











