-बन्दरा प्रखंड में बीएलओ प्रशिक्षण बैठक संपन्न, गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बन्दरा प्रखंड सभागार में शनिवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रखंड के सभी 96 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं 10 बीएलओ सुपरवाइजर की प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एसडीएम मुजफ्फरपुर पूर्वी अमित कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी राजू कुमार, बीडीओ आमना वसी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बीएलओ, जिनमें शिक्षक, सेविका-सहायिका शामिल हैं, वे सोमवार से शनिवार तक पूर्णतः पुनरीक्षण कार्य में ही संलग्न रहेंगे। इस अवधि में उन्हें अपने स्कूल या पूर्वस्थापित कार्यालय में ड्यूटी करने की आवश्यकता नहीं है।
बीएलओ को बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के साथ सद्भाव और समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।
वृद्ध, बीमार, दिव्यांगजन, गरीब और वंचित वर्ग के मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया।

निर्वाचन कार्य के दौरान जनभागीदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बीडीओ आमना वसी ने बीएलओ को उनके कर्तव्यों की गंभीरता और संवेदनशीलता से अवगत कराते हुए कहा कि यह कार्य लोकतंत्र की बुनियाद है, और इसकी सफलता में बीएलओ की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।
बैठक में उपस्थित सभी बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश, प्रशिक्षण सामग्री, और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई।
यह बैठक आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जो यह सुनिश्चित करती है कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो और कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे। यह कार्य साल 2003 के बाद साल 2025 में (22 सालों बाद)पहली बार हो रहा है।










