Advertisement

फकीराडीह गांव की सड़क पर जलजमाव, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

-फकीराडीह गांव की सड़क पर जलजमाव, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

दीपक कुमार/गायघाट
मुजफ्फरपुर। गायघाट प्रखंड की जारंग पूर्वी पंचायत स्थित फकीराडीह गांव में पोखर के आसपास सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद खराब है। सड़क पर लंबे समय से जलजमाव और गंदे पानी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद जमा पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर कीचड़ और गंदगी की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर पानी जमा रहने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी होती है। ग्रामीणों को इसी रास्ते से आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से संक्रमण और बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।


ग्रामीणों ने सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद, विधायक कोमल सिंह, स्थानीय मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से समस्या का स्थल निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने सड़क से जलजमाव हटाने, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने, पोखर एवं आसपास की सफाई कराने तथा सड़क की मरम्मत और मिट्टी भराई कराकर इसे आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव की समस्या है। लोगों ने जनहित में समस्या का शीघ्र समाधान कराने की अपील की है।