Advertisement

पूर्व मध्य रेल के GM डिम्पी गर्ग ने डीडीयू-सोन नगर रेलखंड का किया निरीक्षण

-पूर्व मध्य रेल के GM डिम्पी गर्ग ने डीडीयू-सोन नगर रेलखंड का किया निरीक्षण

हाजीपुर, 7 सितंबर 2026। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत डीडीयू-सोन नगर रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ट्रैक की स्थिति, संरक्षा से जुड़े पहलुओं तथा अनुरक्षण और परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने चंदौली मझवार स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, स्टेशन परिसर, परिचालन, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुनर्विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद महाप्रबंधक ने सासाराम स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय, विद्युत व्यवस्था, शौचालय सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।

सोन नगर स्टेशन पर महाप्रबंधक ने परिचालन और यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय और रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया गया। उन्होंने रेलकर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सभी विकास एवं अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।