-पीएमसीएच में दो चिकित्सकों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
-प्राचार्य कार्यालय में करेंगे प्रशासनिक सहयोग
पटना। पटना मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने संस्थान के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुचारु बनाने के उद्देश्य से दो चिकित्सकों को अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। इस संबंध में प्राचार्य कार्यालय द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सर्जरी विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. गोपाल पासवान तथा सुपरस्पेशियलिटी प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सेतु बंधु तिवारी को उनके विभागीय कार्यों के अतिरिक्त प्राचार्य, पटना मेडिकल कॉलेज के विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।

प्राचार्या डॉ.गीता सिन्हा ने कहा कि दोनों चिकित्सक अपने-अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रतिदिन प्राचार्य कार्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन, समन्वय और अनुश्रवण में सहयोग करेंगे।
आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित चिकित्सकों, विभागाध्यक्षों, लेखा शाखा, अधीक्षक, पीएमसीएच अस्पताल तथा स्वास्थ्य विभाग, बिहार को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेज दी गई है।
इस निर्णय को पीएमसीएच के प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, समन्वय मजबूत करने तथा संस्थान की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











