Advertisement

पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, विकलांग पति की हत्या कर शव पर चढ़ाया वाहन

-पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, विकलांग पति की हत्या कर शव पर चढ़ाया वाहन

समस्तीपुर।नवीन कुमार वर्मा।

जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित देवेंद्र कुमार हत्याकांड का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।

जानकारी के अनुसार, रतवारा चौर स्थित बंद पड़े चिमनी के सामने सड़क किनारे एक शव बरामद हुआ था। शव की पहचान लदौरा गांव निवासी सेवानिवृत्त दफादार रामफल सिंह के पुत्र देवेंद्र कुमार के रूप में हुई थी। प्रारंभिक जांच में शव पर वाहन चढ़ाकर हत्या किए जाने के संकेत मिले थे। इसके बाद मृतक के पिता के आवेदन पर कल्याणपुर थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज कर अज्ञात के खिलाफ जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर सदर डीएसपी-2 संजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए धुरूवगामा निवासी अरुण कुमार झा, जटमलपुर निवासी मोहन झा तथा मृतक की पत्नी शीला देवी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक देवेंद्र कुमार विकलांग थे और उनकी पत्नी शीला देवी का अरुण झा के साथ अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि पत्नी और उसके प्रेमी ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। देवेंद्र कुमार को स्कूल में गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर वाहन में बैठाकर सुनसान जगह ले जाया गया, जहां उनकी हत्या कर शव पर वाहन चढ़ा दिया गया ताकि मामला हादसा लगे।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की टाटा कार, तीन मोबाइल फोन और एक एयरटेल सिम कार्ड भी बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक रणवीर कुमार रावत, अवर निरीक्षक अमित कुमार, डीआईयू शाखा की ममता कुमारी, लालू प्रसाद मल्लाह, गुड्डू कुमार, सुबोध कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

इस मामले की जानकारी सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।