-पटना में स्वतंत्रता दिवस समारोह: नीतीश कुमार का तिरंगा फहराना और रोजगार–प्रवासी बिहारियों के लिए बड़े ऐलान
पटना। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण करने के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रोजगार, प्रवासी बिहारियों और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
सुबह एक अणे मार्ग स्थित आवास पर ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री 8:52 बजे गांधी मैदान पहुंचे, जहां 9:00 बजे उन्होंने झंडा फहराया। भाषण में उन्होंने प्रतियोगिता परीक्षाओं की मुख्य परीक्षा को निशुल्क और प्रारंभिक परीक्षा का शुल्क घटाकर 100 रुपये करने की घोषणा की।
रोजगार सृजन के लिए अधिक रोजगार देने वाले उद्योगों को मुफ्त जमीन उपलब्ध कराने, प्रवासी बिहारियों के लिए अधिक बसें चलाने और केंद्र से अतिरिक्त हवाई सेवाएं शुरू करने का आग्रह भी किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2020 में 20 लाख नौकरियों और रोजगार के लक्ष्य को बढ़ाकर 50 लाख तक पहुंचाया गया है। अब अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरियां और रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है। महिला सशक्तीकरण के तहत पंचायतों में 50% और सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण की बात दोहराई।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब अस्पतालों में हर महीने 11,600 मरीज इलाज के लिए आते हैं। राज्य में 12 मेडिकल कॉलेज हैं और आईजीआईएमएस में 3,000 बेड का नया अस्पताल बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बिहार के विकास में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और सभी से “खुशहाल बिहार” बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।












