-पटना में बांग्लादेशी युवती ने ससुराल पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार
पटना।ब्यूरो।
बिहार राज्य महिला आयोग में बुधवार, 23 जुलाई 2025 को एक बांग्लादेशी युवती ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उसे दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, और अब उसके गहने, कपड़े व अन्य सामान पटना के पाटलिपुत्र स्थित घर में जब्त कर लिए गए हैं।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 12 फरवरी 2024 को बांग्लादेश में एक भारतीय युवक से हुई थी, जिनसे उसकी पहचान एक मैट्रिमोनियल ऐप के माध्यम से हुई थी। शादी के बाद वह 31 जनवरी को भारत आई और 17 फरवरी से पटना में रहना शुरू किया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा। वह परिवार के विभिन्न आयोजनों में भी शामिल हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया।
युवती ने आरोप लगाया कि सास और अन्य परिजन दहेज की लगातार मांग करने लगे और जब उसने इसका विरोध किया, तो उस पर झूठे आरोप लगाए गए और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि वह ट्रैवल वीजा पर भारत आ-जा रही थी, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि उसे न तो मानसिक शांति मिल रही है और न ही ससुराल में कोई स्थान।
,
महिला ने यह भी बताया कि मई 2025 में वॉट्सएप पर आखिरी बार बात हुई थी, उसके बाद से उसके पति और ससुराल पक्ष से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आयोग की अध्यक्ष ने आश्वस्त किया है कि पीड़िता को पूरा न्याय दिलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता ने आयोग से अपने गहनों, कपड़ों और अन्य निजी सामान को वापस दिलाने की भी मांग की है। आयोग की सक्रियता से महिला को एक बार फिर न्याय की उम्मीद जगी है।











