पटना: इको पार्क में नौका विहार के लिए बढ़ेगी नावों की संख्या
संवाददाता। पटना।
पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने रविवार को इको पार्क सह राजधानी वाटिका का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि राजधानी वाटिका पटनावासियों सहित राज्यभर से आये पर्यटकों के लिए आकर्षण और मनोरंजन का केंद्र बन गया है. भाग-दौड़ की जिंदगी से कुछ घंटों के सुकून के लिए लोग यहां आ रहे हैं. राजधानी वाटिका के निरीक्षण और भ्रमण के क्रम में विभाग के पदाधिकारी को कई अहम निर्देश भी दिये।

नौका विहार का आनंद लेते हुए डॉ प्रेम कुमार ने पदाधिकारियों को कहा कि बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आ रहे हैं. वाटिका में पर्यटकों की संख्या के हिसाब से बैठने की व्यवस्था को और बढ़ाया जाये. नौका विहार के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक लाइन में खड़े हैं. अतः पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए नयी नावों की व्यवस्था भी करने की आवश्यकता है. नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा हस्तांतरित 37 नये पार्कों का विकास 2024- 25 में बेहतर तरीके से किया जाये. पूर्व से हस्तांतरित 102 पार्कों का प्रबंधन बेहतर करें.












