-पछुआ हवा के कारण मोतिहारी में बढ़ी ठंड, कोहरे की वजह से धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार
संवाददाता। मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण में ठंड का असर बढ़ने लगा है. पछुआ हवा चलने के कारण तापमान में अचानक गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है. वहीं सुबह सुबह घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई. इसी कारण लोग सुबह-सुबह हेड लाइट जलाकर चलने को मजबूर है. जिले में आज का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस है. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट देखी जा सकती है.मोतिहारी में ठंड ने दस्तक दे दी है. दिन ढलने के साथ कोहरा घना होने से सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है. कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण वाहनों की गति धीमी हो गई है. वहीं रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

कोहरे की वजह से ट्रेन की रफ्तार धीमी पड़ गई है. वहीं घने कोहरे के कारण ट्रेन अपने तय समय से बहुत पीछे चल रही है.ठंड का असर जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में है. जिसके कारण दोनों क्षेत्र घने कोहरे की चपेट में है. कोहरे की वजह से सबसे अधिक परेशानी एनएच पर गाड़ी चलाने वालों को हो रही है. जिला परिवहन पदाधिकारी ने चालकों से अपील किया है कि कुहासा के समय चालक अपनी गाड़ियों के हेड लाइट को जला कर चले और एक दूसरे गाड़ियों के बीच दूरी बनाकर रखे. डीटीओ ने वाहन चालकों से गाड़ियों की रफ्तार कम रखने की भी अपील की है.
















