-नेपाल में भारत का राहत अभियान तेज, 130 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी गई
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के रसुवा में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद जारी बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए भारत ने अपना मानवीय अभियान तेज कर दिया है। भारत की ओर से अब तक भारतीय वायु सेना के विमानों के जरिए आठवीं बार राहत सामग्री नेपाल भेजी गई है। कुल मिलाकर 130 टन से अधिक राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई जा चुकी है।
भारत सरकार ने बचाव, राहत और फोरेंसिक कार्यों में नेपाली एजेंसियों को सहयोग देने के लिए 54 विशेषज्ञ कर्मियों को भी तैनात किया है। राहत सामग्री में अस्थायी आश्रय, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और आवश्यक दवाओं के साथ कई विशेष उपकरण शामिल हैं।
भारत की ओर से टनल (सुरंग) और कीचड़ में बचाव कार्य के लिए विशेष उपकरण, पोर्टेबल जनरेटर, लाइटिंग टावर और पानी निकालने वाले पंप भी उपलब्ध कराए गए हैं। भारतीय टनल रेस्क्यू टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे और लांगटांग क्षेत्रों में बचाव अभियान चला रही है।

इसके अलावा भारत द्वारा भेजे गए डीएनए किट और अन्य उपकरणों की मदद से भारतीय फोरेंसिक टीम काठमांडू की दो प्रयोगशालाओं में नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर डीएनए नमूनों की जांच और विश्लेषण कर रही है। इस सहयोग का उद्देश्य आपदा में लापता और प्रभावित लोगों की पहचान की प्रक्रिया में तेजी लाना है।
काठमांडू स्थित भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल सरकार और वहां के लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत राहत एवं बचाव कार्यों में लगातार सहयोग करता रहेगा।












