-दिल्ली में 4 अक्टूबर को होगा ‘बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन’ का दूसरा अध्याय
-प्रवासी बिहारियों को एक मंच पर लाकर राज्य के विकास पर होगा विचार-विमर्श
-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई प्रमुख हस्तियों को न्योता
पटना, 10 सितंबर। देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे बिहारियों को एक मंच पर लाने और बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक विचार-विमर्श के उद्देश्य से ‘बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन’ का दूसरा अध्याय 4 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होगा। कार्यक्रम केदार नाथ साहनी ऑडिटोरियम, अजमेरी गेट, दिल्ली में प्रस्तावित है। इसकी जानकारी पटना के होटल पाटलिपुत्र एग्जोटिका में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी गई।
शुभ सीता फाउंडेशन की संस्थापक-निदेशक एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन की संस्थापक कार्यकर्ता मनोरमा झा ने बताया कि सम्मेलन में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों और देश के अलग-अलग हिस्सों में रहकर काम कर रहे बिहारियों को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई राजनेताओं, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों, कलाकारों और विशेषज्ञों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है।
संवाददाता सम्मेलन में बिहार कैडर के वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय प्रकाश, भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक उमेश मिश्र, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सदफ इकबाल तथा राजनीतिक विश्लेषक रामबंधु वत्स मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का पहला संस्करण पिछले वर्ष 14 जून को मुंबई में आयोजित किया गया था।

मनोरमा झा ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर बिहार से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष और सार्थक विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि बिहार कई चुनौतियों से गुजर रहा है और ऐसे में देश के विभिन्न शहरों एवं राज्यों में रह रहे बिहारवासियों को एक मंच पर लाकर राज्य की बेहतरी के लिए विचार-विमर्श करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में चर्चा के बाद बिहार के विकास के लिए व्यावहारिक सुझाव और कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि बिहार से बाहर रह रहे लोग अपनी विशेषज्ञता, अनुभव और संसाधनों के माध्यम से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में बिहार के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर उद्योग, शिक्षा, राजनीति, मीडिया, कला, सामाजिक सेवा समेत अन्य क्षेत्रों में योगदान दे रहे लोगों को भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में ‘बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन’ का आयोजन देश के अलग-अलग हिस्सों में करने की योजना है, ताकि बिहार के विकास को लेकर व्यापक स्तर पर संवाद कायम किया जा सके।












