Advertisement

नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीण बैंक ने किया जागरूक, योजनाओं और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

-नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीण बैंक ने किया जागरूक, योजनाओं और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

राजापाकर (वैशाली)। बिहार ग्रामीण बैंक की राजापाकर शाखा द्वारा वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को राजापाकर स्थित कबीर आश्रम के समीप मां काली स्थान परिसर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत खाताधारक को प्रतिवर्ष 436 रुपये का प्रीमियम जमा करना होता है, जबकि खाताधारक की सामान्य मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एक दुर्घटना बीमा योजना है, जिसके लिए मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम देना पड़ता है। इस योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर नॉमिनी को दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

अटल पेंशन योजना के संबंध में जानकारी देते हुए शाखा प्रबंधक ने बताया कि इसमें खाताधारक की आयु के अनुसार प्रीमियम निर्धारित होता है और 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद नियमित पेंशन का लाभ मिलता है।

इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। शाखा प्रबंधक ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, लालच देने वाले फोन कॉल से सावधान रहें और बैंक संबंधी ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत बैंक शाखा से संपर्क करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीविका दीदियों ने भी सक्रिय सहयोग किया। मौके पर बैंककर्मी तिलकेश्वर पासवान, जीविका की अंजली कुमारी, पिंकी कुमारी, ललिता कुमारी, मनीषा कुमारी, उमा कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर बैंकिंग योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।