-धनबाद में दर्दनाक हादसा: जमीन धंसने से दो घर जमींदोज, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
धनबाद : सत्येन्द्र सिंह।
धनबाद के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टांडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार शाम एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज धमाके के साथ अचानक जमीन धंसने से दो घर देखते ही देखते जमींदोज हो गए। इस भयावह घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य जमीन में समा गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन के कारण जमीन कमजोर हो चुकी थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। विरोध में आक्रोशित लोगों ने सोनारडीह ओपी का घेराव कर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा।

हादसे के बाद भारत कोकिंग कोल लिमिटेड और जिला प्रशासन की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चला और बुधवार अहले सुबह तक जारी रहा। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान मोनू उरांव, गीता कुमारी और सरिता देवी के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अवैध कोयला खनन को लेकर एक बार फिर बीसीसीएल और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जाती, तो शायद यह बड़ा हादसा टल सकता था।












