Advertisement

दूल्हे की कार निकली गांजे की खेप! नेपाल से बिहार लाई जा रही 3 करोड़ की तस्करी का STF ने किया भंडाफोड़

-दूल्हे की कार निकली गांजे की खेप! नेपाल से बिहार लाई जा रही 3 करोड़ की तस्करी का STF ने किया भंडाफोड़

सीतामढ़ी। बिहार STF और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेपाल से बिहार लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप का खुलासा किया है। सुरसंड थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने शादी की गाड़ी की तरह सजी एक क्रेटा कार से 142.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कार को दूल्हे की गाड़ी की तरह फूल-मालाओं से सजाया गया था, ताकि पुलिस या आम लोगों को किसी तरह का शक न हो। गाड़ी में दूल्हे की जगह दो सगे भाई बैठे हुए थे, जो नेपाल से गांजे की खेप लेकर बिहार आ रहे थे।

STF को पहले से तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद सीतामढ़ी पुलिस के साथ मिलकर सुरसंड इलाके में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बॉर्डर की तरफ से आ रही संदिग्ध क्रेटा कार को रोका गया। पूछताछ के बाद जब वाहन की तलाशी ली गई तो डिक्की में कई बोरियां रखी मिलीं। बोरियों को खोलते ही पुलिस भी हैरान रह गई। अंदर भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने मौके से दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों लंबे समय से नेपाल से गांजा लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

इस कार्रवाई को नेपाल-बिहार बॉर्डर पर नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। STF अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।