-दहेज हत्या के फरार आरोपी के घर चिपकाया इश्तहार, गायघाट पुलिस ने बढ़ाया दबाव
दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर। पियर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ गायघाट पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम ने फरार आरोपी के घर पर इश्तहार चस्पा कर उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की सूचना दी।
गायघाट थाना प्रभारी जेपी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मोहनपुर गांव पहुंची और आरोपी के घर पर इश्तहार चिपकाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दहेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा है। न्यायालय के निर्देश के बाद उसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

इश्तहार चस्पा किए जाने के बाद गांव में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई। पुलिस ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।













