Advertisement

तिरहुत एमएलसी चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर की सीमाएं सील, 26 जगहों पर चेकपोस्ट स्थापित

-तिरहुत एमएलसी चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर की सीमाएं सील, 26 जगहों पर चेकपोस्ट स्थापित

मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के संयुक्त निर्देश पर जिले के विभिन्न सीमावर्ती मार्गों पर 26 महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों के माध्यम से असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सघन निगरानी की जा रही है।

मुजफ्फरपुर की सीमाएं वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर और दरभंगा सहित आठ जिलों से जुड़ती हैं। इन सभी जिलों से आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन के निर्देशानुसार 22 अक्टूबर की सुबह छह बजे से 23 अक्टूबर को मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक चेकपोस्टों पर चौबीसों घंटे वाहनों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अवैध वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने का निर्देश दिया गया है।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में मनिकपुर (सरैया), मनिकपुर-वैशाली मार्ग, रेवाघाट पुल का उत्तरी छोर, पैगम्बरपुर टॉवर, विशुनपुर अनंत, फतेहाबाद घाट, फकुली, बाघी, भतहंडी, इमली ढाला और एनएच-28 स्थित बरजी महवल नर्सरी सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा अंजनाकोट पुल, कटौझा पुल, मरूआहा पुल, डिहुली पीपरी चौक, बलुआ चेकपोस्ट, एनएच-27 स्थित ठिकापाही, रमौली और गंघटी पुल समेत अन्य रणनीतिक बिंदुओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सभी चेकपोस्टों पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) की निगरानी में ड्रॉप गेट और मजबूत बैरियर लगाए गए हैं। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) की ओर से पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों की तैनाती की गई है। चेकपोस्टों पर प्रभावी निगरानी और सीमाओं की सुरक्षा की संयुक्त जिम्मेदारी संबंधित बीडीओ और थानाध्यक्ष को सौंपी गई है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी अनुमंडल के अनुमंडल दंडाधिकारियों (एसडीएम) तथा सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में चेकपोस्टों का लगातार निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो।

जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने स्पष्ट किया है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। प्रशासन ने मतदाताओं से भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।