Advertisement

तालाब में मिली लापता छात्रा की लाश, 3 दिन बाद खुला राज — मुजफ्फरपुर में सनसनी

-तालाब में मिली लापता छात्रा की लाश, 3 दिन बाद खुला राज — मुजफ्फरपुर में सनसनी

मुजफ्फरपुर:बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुरा पोखर से लापता छात्रा का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पोखर में एक शव को उपलाता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

मृतका की पहचान पल्लवी कुमारी के रूप में हुई है, जो तीन दिनों से लापता थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही चीख-पुकार मच गई।

मृतका की मां अनीता देवी के अनुसार, पल्लवी तीन दिन पहले शाम को बाजार जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में थाने में भी इसकी सूचना दी गई थी।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले का एक युवक पल्लवी पर शादी का दबाव बना रहा था और उसे परेशान करता था। शक के आधार पर परिजन उसके घर भी पहुंचे थे, लेकिन वहां से कोई जानकारी नहीं मिली।

अब शव मिलने के बाद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। संदिग्ध युवक से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

फिलहाल, इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और हर कोई सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहा है।