-ढलाई के दौरान भरभराकर गिरी निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सेटरिंग
-बाल-बाल टला बड़ा हादसा
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सेटरिंग रविवार रात अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। हादसा बोचहां थाना क्षेत्र के मझौली चौक के पास रात करीब 10 बजे हुआ। ढलाई के दौरान सेटरिंग का एक हिस्सा गिरने से तेज आवाज हुई, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, देर रात सड़क पर आवाजाही कम होने के कारण घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-27 के मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर कई स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहा है। मझौली चौक के पास भी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार रात फ्लाईओवर की ढलाई के लिए भारी-भरकम सेटरिंग लगाई गई थी। इसी दौरान अचानक सेटरिंग का एक हिस्सा नीचे आ गिरा। सेटरिंग के साथ निर्माण सामग्री और अन्य सामान गिरने से तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद बोचहां थाना पुलिस और निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद सड़क पर गिरे सेटरिंग और निर्माण सामग्री को हटाने का काम शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
मझौली चौक पर दिन के समय वाहनों और राहगीरों की काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि यह घटना दिन के समय हुई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। रात करीब 10 बजे घटना होने और उस समय सड़क पर अपेक्षाकृत कम यातायात रहने के कारण बड़ी घटना टलने की बात कही जा रही है।
फिलहाल सेटरिंग गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। निर्माण एजेंसी की ओर से घटना की जांच की जा रही है। ढलाई के दौरान सेटरिंग में तकनीकी खामी हुई या किसी अन्य कारण से यह हादसा हुआ, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सेटरिंग गिरने की घटना ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।











