Advertisement

डेढ़ महीने पहले हुई पिचिंग अब उखड़ने लगी, एनएच-27 की गुणवत्ता पर सवाल

-डेढ़ महीने पहले हुई पिचिंग अब उखड़ने लगी, एनएच-27 की गुणवत्ता पर सवाल

दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर। गायघाट प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-27 की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर नई पिचिंग कर मरम्मत कराई गई थी। लेकिन अब कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। इससे सड़क की स्थिति दोबारा खराब होती नजर आ रही है।

सड़क की जर्जर होती स्थिति को लेकर स्थानीय वाहन चालकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मरम्मत के महज डेढ़ महीने बाद ही नई पिचिंग की परत उखड़ने लगे तो कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। एनएच-27 पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क की क्षतिग्रस्त परत और गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

बताया जाता है कि मानसून के दौरान मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच-27 खंड के कई हिस्सों में सड़क क्षतिग्रस्त होने और गड्ढे बनने की समस्या सामने आती रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराने, पूर्व में कराए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और उखड़ी परत को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।