Advertisement

डीएम ने मीनापुर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहतर

-डीएम ने मीनापुर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहतर

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मीनापुर का करीब एक घंटे तक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का जायजा लेने के साथ मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहतर पाई गई।

जिलाधिकारी ने रोगियों के पंजीकरण, चिकित्सकों के ड्यूटी रोस्टर एवं उनकी उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण, ओपीडी एवं आईपीडी संचालन, इमरजेंसी सेवाओं, संस्थागत प्रसव, प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल, एक्स-रे कक्ष, यक्ष्मा उपचार, एईएस, ऑपरेशन थिएटर, भव्या डिजिटल काउंटर, गैर संचारी रोग (एनसीडी) क्लिनिक, ट्राईएज रूम और परिवार नियोजन कार्यक्रम समेत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का एक-एक कर निरीक्षण किया।

डीएम ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है और औचक निरीक्षण के दौरान स्थिति बेहतर मिली है। मरीजों एवं उनके परिजनों ने भी अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सरकार के निर्देशों के अनुरूप मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हमेशा सजग और तत्पर रहने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के इलाज में संवेदनशीलता बरतने तथा संस्थागत प्रसव, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी), टीकाकरण और बाल एवं मातृ स्वास्थ्य जैसे प्रमुख स्वास्थ्य मानकों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने डीएम को स्वास्थ्य केंद्र के संचालन एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में औसतन 250 से 300 मरीजों का इलाज किया जाता है। आईपीडी में भी मरीजों की संख्या अच्छी रहती है। इस वर्ष इमरजेंसी सेवा में 23,887 मरीजों को देखा गया है।

उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण में अगस्त माह में 103 प्रतिशत तथा अप्रैल से अगस्त तक 99 प्रतिशत उपलब्धि रही है। पूर्ण टीकाकरण में अगस्त माह की उपलब्धि 98 प्रतिशत और अप्रैल से अगस्त तक 102 प्रतिशत रही। 10 सितंबर 2026 तक एचपीवी गार्डासिल का आच्छादन शत-प्रतिशत बताया गया। वहीं मार्च से अब तक 1,44,975 मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है।

स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न इंडिकेटर्स में लक्ष्य के विरुद्ध बेहतर प्रगति पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की सराहना की। उन्होंने मरीजों को हमेशा बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि मीनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है और लाभुकों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों के हित को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के निर्माण के लिए जिला प्रशासन की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। विभाग से समन्वय कर इस कार्य में तेजी लाई जाएगी। मरीजों को डिजिटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार एयर कंडीशनिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सजग रहना होगा। अस्पताल आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को समय पर समुचित इलाज और सुविधाएं मिलें, यह सुनिश्चित किया जाए। चिकित्सक ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अस्पताल में उपस्थित रहें तथा मरीजों को प्रावधान के अनुसार निःशुल्क दवा और जांच की सुविधा मिले।

उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार होने से लोगों का विश्वास बढ़ेगा। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित जांच भी कराई जा रही है।