ब्लाइंड क्रिकेट: जहां आंखों की जगह कानों का होता है काम, भारत की महिला क्रिकेट टीम ने वहां रचा इतिहास
एजेंसी।
भारत की महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के बर्मिंघम में 2023 के IBSA (इंटरनेशनल ब्लाइंड स्पोर्ट्स फेडरेशन) विश्व खेलों में स्वर्ण पदक जीता देश का नाम ऊंचा किया है। भारत की महिलाओं ने बारिश से प्रभावित फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस मैथड से 9 विकेट से हराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम 20 ओवर में 114 रन ही बना सकी। भारत की महिला टीम ने 3.3 ओवर में ही 42 रन बनाकर संशोधित लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने इतिहास रच दिया, क्योंकि वह अंतरराष्ट्रीय मल्टीनेशन इवेंट में क्रिकेट का पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम बन गई।
इस शानदार मौके पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्विटर पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “भारतीय महिला टीम को नेत्रहीन क्रिकेट टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई! पहले संस्करण में ऐतिहासिक और प्रेरणादायक प्रदर्शन के लिए देश आप पर गर्व करता है।”
दूसरी ओर, पाकिस्तान की पुरुष नेत्रहीन क्रिकेट टीम ने भारत को हराकर IBSA विश्व खेलों के फाइनल में स्वर्ण पदक जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए। हालांकि, भारतीय टीम खिताब का बचाव करने में नाकाम रहे, क्योंकि पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।

क्या है ब्लाइंड क्रिकेट-
ब्लाइंड क्रिकेट, क्रिकेट का एक रूप है जो नेत्रहीन और आंशिक रूप से दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के हिसाब से ढला हुआ है। इसे 1996 से विश्व ब्लाइंड क्रिकेट परिषद (WBCC) द्वारा नियंत्रित किया जाता है। अब तक, पांच ब्लाइंड क्रिकेट विश्व कप आयोजित किए गए हैं। ब्लाइंड क्रिकेट में बल्ले से गेंद को मारने के लिए आमतौर पर स्वीप शॉट का इस्तेमाल किया जाता है।
दक्षिण अफ्रीका ने 1998 में पहला बीसीडब्ल्यूसी जीता था, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को फाइनल में हराया था, जबकि पाकिस्तान ने लगातार अगले दो बीसीडब्ल्यूसी जीते थे, जिसमें उन्होंने 2002 और 2006 में दक्षिण अफ्रीका और भारत को फाइनल में हराया था। 2014 में भारत ने दो बार के चैंपियन पाकिस्तान को हराकर चैंपियनशिप जीती थी।















