-जनकपुरधाम में जन्माष्टमी की धूम, भव्य पंडालों में सजे श्रीकृष्ण के बाल रूप
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर जनकपुरधाम में भक्ति और उल्लास का माहौल है। जन्माष्टमी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के स्टेशन परिसर, राधाकृष्ण मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर भव्य पंडाल सजाकर भगवान श्रीकृष्ण, वासुदेव के माथे पर विराजमान नवजात कृष्ण, नंद-यशोदा सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
पंडालों में कृष्ण और राधा पर आधारित भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। शाम होते ही कृत्रिम रोशनी से सजे पंडाल और आसपास का क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बन जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप का दर्शन कर रहे हैं।

जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मध्य रात्रि में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिरों और पूजा स्थलों पर विशेष तैयारियां की गई हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन किया गया है। मेले में झूले, मीना बाजार, खिलौनों और मिठाइयों की दुकानें सज गई हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक में मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भक्ति, रोशनी और मेले की रौनक ने जनकपुरधाम को पूरी तरह जन्माष्टमी के रंग में रंग दिया है।












