-ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने कृषि व्यवसायी राजू चौधरी की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहां थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए प्रसिद्ध कृषि व्यवसायी सह प्रगतिशील किसान हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तीन बेखौफ बदमाश ग्राहक बनकर राजू चौधरी की दुकान पर पहुंचे। कुछ देर तक सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करने के बाद अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से राजू चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी क्षेत्र के जाने-माने कृषि व्यवसायी और प्रगतिशील किसान थे। कृषि क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका था। उनकी हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद बोचहां और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।












