Advertisement

गोपालगंज में सियासी भूचाल: JDU विधायक पप्पू पांडे के ठिकानों पर पुलिस रेड, वारंट के बाद फरार

-गोपालगंज में सियासी भूचाल: JDU विधायक पप्पू पांडे के ठिकानों पर पुलिस रेड, वारंट के बाद फरार

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में उस वक्त बड़ा सियासी भूचाल आ गया जब जेडीयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे के पैतृक गांव तुलसिया स्थित आवास पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। एसपी विनय तिवारी खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप फैल गया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की गई है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन कब्जा करने और भू-माफियाओं को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच के दौरान मिले ठोस साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने विधायक पप्पू पांडे, उनके भाई सतीश पांडे और सीए राहुल तिवारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
वारंट जारी होते ही पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन कर अलग-अलग ठिकानों पर दबिश शुरू की। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही विधायक और उनके भाई फरार हो गए।

पुलिस ने सुबह-सुबह हथुआ के तुलसिया स्थित आवास पर छापेमारी कर हर कोना खंगाला, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सके।
इस मामले में पहले ही चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें जेल भेजा जा चुका है। इससे साफ है कि पुलिस पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। एसपी विनय तिवारी ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में लाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि विधायक पप्पू पांडे पर आरोप है कि उन्होंने न सिर्फ भू-माफियाओं को पनाह दी, बल्कि अवैध जमीन सौदों में उनकी सक्रिय भूमिका भी रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ यह मामला और भी गंभीर होता जा रहा है।
गौरतलब है कि पप्पू पांडे गोपालगंज के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक हैं और इलाके में उनका खासा प्रभाव रहा है। लेकिन इस बार कानूनी शिकंजा इतना मजबूत होता दिख रहा है कि उनकी सियासी पकड़ भी उन्हें राहत दिलाने में नाकाम नजर आ रही है।