-गायघाट चौक पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर; SKMCH रेफर
मुजफ्फरपुर/गायघाट (दीपक कुमार)। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट चौक पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गायघाट चौक से गुजर रहे बाइक सवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसे शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और काफी रक्तस्राव भी हुआ।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को उठाकर इलाज के लिए गायघाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, एसकेएमसीएच में घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ट्रक की पहचान कर उसे कब्जे में लेने तथा चालक के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गायघाट चौक पर अक्सर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से चौक पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।










