Advertisement

गहरे पानी में डूबे दो युवक; एक की मौत, दूसरा गंभीर

-गहरे पानी में डूबे दो युवक; एक की मौत, दूसरा गंभीर

-आथर घाट पर जलबोझी के दौरान बड़ा हादसा

मुजफ्फरपुर। मुसहरी थाना क्षेत्र के आथर घाट पर सोमवार को जलबोझी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में स्नान और जल उठाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और कांवरियों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। वहीं दूसरे युवक को गंभीर हालत में निकालकर तत्काल एसकेएमसीएच भेजा गया।


घटना की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आथर घाट पर जलबोझी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे, इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। घाट पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम की तैनाती की गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके पर प्रशिक्षित बचाव दल और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद रहती तो हादसे में जान बचाने में मदद मिल सकती थी। एसडीआरएफ की टीम नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों और गोताखोरों को ही अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतरना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिले के सभी प्रमुख घाटों पर जलबोझी और धार्मिक आयोजनों के दौरान बैरिकेडिंग, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।