-कॉमरेड शिवदास घोष की स्मृति में मुजफ्फरपुर में श्रद्धांजलि सभा, समाजवादी क्रांति के लक्ष्य पर आगे बढ़ने का आह्वान
मुजफ्फरपुर। महान मार्क्सवादी दार्शनिक, क्रांतिकारी चिंतक एवं एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के वैचारिक मार्गदर्शक कॉमरेड शिवदास घोष के स्मृति दिवस पर बुधवार को मोतीझील स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण तथा कॉमरेड शिवदास घोष के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के राज्य कमिटी सदस्य अर्जुन कुमार ने कहा कि कॉमरेड शिवदास घोष ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से शोषण, अन्याय और पूंजीवादी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष का वैज्ञानिक एवं क्रांतिकारी मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि आम जनता की वास्तविक मुक्ति समाजवादी क्रांति के माध्यम से ही संभव है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब तक पूंजीवादी व्यवस्था कायम रहेगी, तब तक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध, सांप्रदायिकता, महिलाओं पर हिंसा और सामाजिक असमानता जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिवाद और स्वार्थ से ऊपर उठकर जनहित में संगठित, अनुशासित और निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा के बाद मुजफ्फरपुर जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता पटना में आयोजित राज्यस्तरीय स्मृति सभा में भाग लेने के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर मुजफ्फरपुर जिला कमिटी (नगर) के सचिव अमन कुमार झा, लोकल कमिटी (नगर) के सचिव अरविंद कुमार सहित काशीनाथ साहनी, प्रेम कुमार ठाकुर, शिव बालक कुमार, विजय कुमार, शिव कुमार, गौरव कुमार, प्रिंस कुमार, प्रियांशु कुमार, कंचन कुमारी, रूपा कुमारी, आशुतोष कुमार, शाहिद और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












