Advertisement

-कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में होगी बेहतर पहुंच, 2030 तक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने का निर्देश

-कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में होगी बेहतर पहुंच, 2030 तक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने का निर्देश

-मार्च 2027 तक पाटलिपुत्र, पूर्णिया और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों का काम पूरा करने का लक्ष्य

पटना, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, बाजार उपलब्धता और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को विकसित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने वर्ष 2030 तक इस दिशा में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘बिहार गति’ के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उच्च शिक्षा एवं कृषि विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं का काम तेजी से पूरा करने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने को कहा। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम और राष्ट्रीय उच्च पथ से संपर्क पथ सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों से संवाद कर मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही विश्वविद्यालय के छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और बीएड कॉलेजों में डिग्री कॉलेज जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताएं निर्धारित करने और किसानों के विकास के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के बेहतर माध्यम विकसित होने से बिहार के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण और कृषि क्षेत्र का विकास राज्य की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। इन योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों और किसानों तक सीधे पहुंचना चाहिए।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।