की ठोकर से घायल सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर की इलाज के दौरान मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
-ट्रक की ठोकर से घायल सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर की इलाज के दौरान मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
मुजफ्फरपुर। भगवानपुर से भामाशाह द्वार होते हुए रेवा रोड पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ में पदस्थापित थे और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहिलवारा भुलाउ के निवासी थे। वे शुक्रवार को अपने ससुर रामचंद्र भगत के शहर स्थित निवास बैरिया जगदंबा नगर आए हुए थे।

वहां से वे मोटरसाइकिल से अपने डेरा, भामाशाह द्वार के पास लक्ष्मी नगर लौट रहे थे। इसी दौरान रेवा रोड पर एक ट्रक ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक कांटी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बकटपुर में कार्यरत शिक्षक संजीव समीर के बड़े बहनोई थे।
सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार की असामयिक मौत से उनके पैतृक गांव, ससुराल पक्ष सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।