Advertisement

किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह सम्मानित, फार्मर आईडी निर्माण में निभाई अहम भूमिका

-किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह सम्मानित, फार्मर आईडी निर्माण में निभाई अहम भूमिका

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। ई-किसान भवन राजापाकर के परिसर में किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान फार्म रजिस्ट्रेशन कार्य और किसानों के हित में किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख ललिता देवी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने संयुक्त रूप से किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि राजापाकर दक्षिणी पंचायत के किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह लगातार सक्रिय होकर किसानों की समस्याओं को सामने लाने और सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं।


उन्होंने बताया कि फार्म रजिस्ट्रेशन अभियान के दौरान देवेंद्र प्रसाद सिंह ने किसानों के बीच जागरूकता फैलाने के साथ-साथ घर-घर जाकर किसानों को फार्मर आईडी बनाने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयास से राजापाकर दक्षिणी पंचायत में करीब 2500 फार्मर आईडी बनाए गए, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों के हित में किए गए इस कार्य की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। उन्होंने अन्य कर्मियों और किसान सलाहकारों से भी इसी तरह सक्रिय होकर किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में आत्मा प्रखंड अध्यक्ष वीरचंद्र सिंह, सुबोध कुमार सिंह, नथनी प्रसाद सिंह, भीम कुमार, आलोक कुमार, शंकर राम, किसान सलाहकार रामदयाल राय, देवेंद्र प्रसाद सिंह, उर्वरक विक्रेता विनय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विपिन कुमार, वीरेंद्र कुमार, अरविंद कुमार सहित कई उर्वरक विक्रेता और किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।