Advertisement

किराया विवाद में दो इंजीनियर बहनों और मां से बदसलूकी, छात्रा के पैर पर चढ़ाया पहिया

-किराया विवाद में दो इंजीनियर बहनों और मां से बदसलूकी, छात्रा के पैर पर चढ़ाया पहिया

-मोतीझील में ई-रिक्शा चालक की दबंगई

मुजफ्फरपुर। शहर के व्यस्त मोतीझील इलाके में ई-रिक्शा चालक की दबंगई का मामला सामने आया है। किराए को लेकर हुए विवाद के बाद चालक पर दो इंजीनियर बहनों और उनकी मां के साथ बदसलूकी, गाली-गलौज और हाथापाई करने का आरोप लगा है। विरोध करने पर उसने कथित रूप से एक छात्रा के पैर पर ई-रिक्शे का पहिया चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार दोनों बहनें अपनी मां के साथ जुरन छपरा से मोतीझील जाने के लिए ई-रिक्शा पर सवार हुई थीं। गंतव्य पर पहुंचने के बाद चालक ने 60 रुपये किराया लिया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि चालक ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने चालक की हरकतों का वीडियो बनाना शुरू किया तो उसने मोबाइल छीनने की कोशिश की और हाथापाई पर उतर आया। इसके बाद महिलाओं ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।


शिकायत के अनुसार पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद चालक ई-रिक्शा लेकर भागने लगा। इस दौरान विरोध कर रही छात्रा के पैर पर उसने ई-रिक्शे का पहिया चढ़ा दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घायल छात्रा ने भागते हुए ई-रिक्शा का नंबर अपने मोबाइल में कैद कर लिया। इसके बाद वह अपनी मां और बहन के साथ थाने पहुंची और चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मोतीझील इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।