-कामरेड विश्वेश्वर यादव के अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
— नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी नम आंखों से अंतिम विदाई
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
भाकपा माले के प्रदेश अध्यक्ष और गरीबों-दलितों के मसीहा कहे जाने वाले कामरेड विश्वेश्वर प्रसाद यादव के अंतिम दर्शन के लिए बुधवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। उनके आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बिहार के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता, नेता और समर्थक पहुंचकर अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
फूल-मालाओं से सजे पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कई कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो गईं। सभी ने कहा कि कामरेड विश्वेश्वर यादव ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, मजदूरों, दलितों और शोषितों के अधिकार की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया था। वे न केवल एक राजनीतिक नेता थे बल्कि किसानों के बीच एक आंदोलनकारी और जननायक के रूप में याद किए जाएंगे।

इस मौके पर काराकाट के सांसद राजाराम सिंह, कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास, पाली विधायक सुमन सौरभ, महुआ विधायक मुकेश रोशन, मोहित पासवान सहित भाकपा माले, किसान सभा और अभाकिम के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सांसद राजाराम सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा,
> “कामरेड विश्वेश्वर यादव ने अपना जीवन किसानों-मजदूरों और शोषित वर्ग की आवाज बनने में लगा दिया। उनकी सादगी, विचारधारा और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।”
श्रद्धांजलि देने वालों में डॉ. गौरी शंकर कुमार, कामरेड अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह, मीना तिवारी, जोगेंद्र राय, मनोज पांडे, राम अवतार शाह, राजद के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश राय समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
लोगों ने कहा कि कामरेड यादव की कमी को भर पाना असंभव है। वे गरीबों के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे।












